श्रीरामपुर के नशा मुक्ति केंद्र में युवक की मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
हुगली, 25 अक्टूबर (हि. स.)।
पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के श्रीरामपुर स्थित एक नशा मुक्ति केंद्र में रविवार को एक युवक की मौत के बाद विवाद खड़ा हो गया है। मृतक के परिजनों ने केंद्र के संचालकों पर हत्या और शारीरिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतक की पहचान मनोज कुमार साव (41) के रूप में हुई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस मामले में पूछताछ के लिए दो लोगों को हिरासत में लिया गया है।
मृतक के भाई राजा साव के अनुसार, उन्होंने करीब दो महीने पहले अपने भाई को श्रीरामपुर के जीवन छाया फाउंडेशन नामक नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया था। उनका आरोप है कि केंद्र में उनके भाई के साथ शारीरिक प्रताड़ना की जाती थी।
राजा साहा ने बताया कि रविवार को जब वह अपने भाई से मिलने केंद्र पहुंचे, तो उसकी हालत बेहद खराब थी। उनके दावे के मुताबिक, उनके भाई ने इशारों में उन्हें घर ले जाने के लिए कहा। इसी दौरान केंद्र के कुछ लोग उसे पकड़कर एक कमरे में ले गए। करीब आधे घंटे बाद वे उसके शव के साथ बाहर आए।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद उन्हें धमकी दी गई।
मिली जानकारी के मुताबिक शव का पोस्टमार्टम सोमवार को किया जायेगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

