पांडेश्वर के तृणमूल उम्मीदवार नरेंद्र चक्रवर्ती ने विवादों पर लगाया विराम
आसनसोल, 08 अप्रैल (हि.स.)। पांडेश्वर विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सरगर्मी के बीच तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार नरेंद्र नाथ चक्रवर्ती को लेकर उठे विवाद पर अब उन्होंने खुद सामने आकर स्थिति स्पष्ट की है। भाजपा नेता जितेंद्र तिवारी के एजेंट द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया था, जिसमें चक्रवर्ती पर पद पर रहते हुए चुनाव लड़ने को लेकर सवाल उठाए गए थे।
इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए नरेंद्र नाथ चक्रवर्ती ने बताया कि उन्होंने चुनाव प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही अपने सभी पदों से विधिवत इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने कहा कि 27 मार्च 2026 को ही उन्होंने पश्चिम बंगाल सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के प्रिंसिपल सेक्रेट्री को अपना इस्तीफा सौंप दिया था। उसी दिन विभाग की ओर से उनके इस्तीफे को स्वीकार कर लिया गया और इसकी आधिकारिक सूचना भी उन्हें भेज दी गई।
चक्रवर्ती ने आगे जानकारी देते हुए बताया कि 26 मार्च 2026 को उन्होंने क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण (आरटीए) के सदस्य पद से भी अपना इस्तीफा पश्चिम बर्दवान के जिलाधिकारी को भेज दिया था। इस इस्तीफे में उन्होंने स्पष्ट रूप से उल्लेख किया था कि वे वर्ष 2026 के विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार के रूप में हिस्सा लेने जा रहे हैं, जिसके कारण वे अपने पद से त्यागपत्र दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सभी प्रक्रियाएं पूरी तरह से नियमों के तहत और समय रहते पूरी की गई हैं, इसलिए उनके खिलाफ लगाए गए आरोप पूरी तरह निराधार और राजनीतिक उद्देश्य से प्रेरित हैं।
चक्रवर्ती ने विश्वास जताया कि चुनाव आयोग भी तथ्यों की जांच के बाद सही निर्णय लेगा और सच्चाई सामने आएगी। इस घटनाक्रम के बाद पांडेश्वर विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक माहौल और अधिक गर्म हो गया है, जहां एक ओर आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। दूसरी ओर चुनावी तैयारियां भी तेज़ी से आगे बढ़ रही हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

