सड़क हादसे में एक की मौत, एक घायल
पश्चिम मेदिनीपुर, 10 अप्रैल (हि. स.)। जिले के नारायणगढ़ इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार दोपहर सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा खड़गपुर–बालेश्वर 16 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर नारायणगढ़ थाना क्षेत्र के डहोरपुर इलाके में हुआ। मृतक की पहचान देवव्रत सिंह (47) के रूप में हुई है। वह नारायणगढ़ थाना क्षेत्र के कुनारपुर के नंदकिशोरपुर गांव के निवासी थे।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, दो भाई दिहाड़ी काम खत्म कर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। डहोरपुर पेट्रोल पंप के पास पेट्रोल भराने के लिए बाइक मोड़ते समय एक निजी कार ने तेज रफ्तार में आकर बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के कारण दोनों भाई सड़क पर छिटक कर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे से आ रही एक लॉरी चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और छोटे भाई के ऊपर से गुजर गया। इस भीषण हादसे में बड़े भाई के आंखों के सामने ही छोटे भाई की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना पाकर नारायणगढ़ थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल व्यक्ति को उपचार के लिए अस्पताल भेजा और मृतक के शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए खड़गपुर महकमा अस्पताल भेज दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

