home page

नारायणगढ़ में रक्तदान शिविर और एमएलए फुटबॉल कप की तैयारियां तेज

 | 
नारायणगढ़ में रक्तदान शिविर और एमएलए फुटबॉल कप की तैयारियां तेज


पश्चिम मेदिनीपुर, 06 अगस्त (हि. स.)। जिले के नारायणगढ़ क्षेत्र में गुरुवार को सामाजिक सेवा और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में दो महत्वपूर्ण पहल सामने आईं। एक ओर दक्षिण कोताईगढ़ बासुदेवपुर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया, वहीं दूसरी ओर प्रस्तावित एमएलए फुटबॉल कप-2026 की तैयारियों को लेकर पहल तेज हो गई।

नारायणगढ़ ब्लॉक के दक्षिण कोताईगढ़ बासुदेवपुर स्थित न्यू राइजिंग स्टार क्लब की ओर से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया।

आयोजकों ने बताया कि रक्त की कमी को दूर करने और लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूक करना इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य था। समाज के विभिन्न वर्गों की सक्रिय भागीदारी से शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

रक्तदान शिविर के साथ क्लब की ओर से क्षेत्र की वृद्ध महिलाओं को साड़ियां भी वितरित की गईं। इस सामाजिक पहल से क्षेत्र में उत्साह का वातावरण रहा। लाभार्थी महिलाओं ने आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया। क्लब के पदाधिकारियों ने कहा कि रक्तदान जीवन बचाने का सबसे बड़ा मानवीय कार्य है और समाज के जरूरतमंद एवं बुजुर्ग लोगों की सेवा करना उनकी प्राथमिकता है।

इधर, नारायणगढ़ विधानसभा क्षेत्र के युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रस्तावित एमएलए फुटबॉल कप-2026 की तैयारियां भी तेज हो गई हैं। इस संबंध में नारायणगढ़ के विधायक रमाप्रसाद गिरी ने राज्य के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री इंद्रनील खां से नव महाकरण में शिष्टाचार भेंट की। विधायक ने मंत्री को प्रतियोगिता के उद्घाटन के लिए आमंत्रित किया तथा आयोजन की रूपरेखा और क्षेत्र में खेलों के विकास को लेकर विस्तार से चर्चा की।

विधायक रमाप्रसाद गिरी ने कहा कि नारायणगढ़ के प्रतिभाशाली युवक-युवतियों को आगे बढ़ाने और उन्हें बेहतर मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि खेल मंत्री के सहयोग और मार्गदर्शन से प्रतियोगिता सफल होगी तथा स्थानीय फुटबॉल खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। इससे नई पीढ़ी में खेलों के प्रति रुचि बढ़ेगी और नारायणगढ़ की खेल संस्कृति को भी नई ऊर्जा मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता