नारायणगढ़ में केंद्रीय बलों का रूट मार्च, राष्ट्रीय राजमार्ग पर कड़ी तलाशी
पश्चिम मेदिनीपुर, 08 अप्रैल (हि.स.)। आगामी चुनाव को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की तैयारी तेज कर दी है। पश्चिम मेदिनीपुर के जंगल महल क्षेत्र में चुनाव के दौरान अक्सर छिटपुट घटनाओं की आशंका बनी रहती है, जिसके कारण स्थानीय लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल देखा जाता है। इसी के मद्देनज़र बुधवार को जिले के नारायणगढ़ थाना क्षेत्र में राज्य पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए रूट मार्च के साथ-साथ कड़ा तलाशी अभियान भी चलाया गया।
रूट मार्च का नेतृत्व नारायणगढ़ थाने के प्रभारी (ओसी) अपूर्व कोले ने किया। केंद्रीय बल के जवानों के साथ पुलिस ने क्षेत्र के विभिन्न संवेदनशील और महत्वपूर्ण इलाकों का निरीक्षण किया तथा लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
इसी क्रम में नारायणगढ़ थाना क्षेत्र के बांधगढ़ा इलाके में 16 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर केंद्रीय बलों और चुनाव आयोग के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान छोटे-बड़े सभी प्रकार के वाहनों को रोककर बारीकी से जांच की गई। वाहनों के दस्तावेजों की जांच के साथ ही यह भी देखा गया कि कहीं कोई संदिग्ध सामग्री तो नहीं ले जाई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, रूट मार्च और तलाशी अभियान का उद्देश्य आम लोगों के बीच सुरक्षा का भरोसा पैदा करना तथा असामाजिक तत्वों को कड़ी चेतावनी देना है, ताकि चुनाव के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
चुनाव आयोग के एक अधिकारी ने बताया कि निष्पक्ष, स्वतंत्र और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के अभियान बेहद जरूरी हैं और चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

