home page

नारायणगढ़ के राष्ट्रीय राजमार्ग पर दुर्घटना में कंटेनर चालक की मौत

 | 
नारायणगढ़ के राष्ट्रीय राजमार्ग पर दुर्घटना में कंटेनर चालक की मौत


पश्चिम मेदिनीपुर, 26 अगस्त (हि. स.)। खड़गपुर-बालेश्वर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-16 पर नारायणगढ़ थाना क्षेत्र के डहरपुर में मंगलवार देर रात हुए भयावह सड़क हादसे में कंटेनर चालक की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक कंटेनर के क्षतिग्रस्त हिस्से में फंस गया था।

प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, माल लदा कंटेनर खड़गपुर की ओर जा रहा था। डहरपुर के पास चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और आगे चल रहे एक वाहन को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कंटेनर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसके अंदर फंस गया। दुर्घटना की सूचना पाकर नारायणगढ़ थाना पुलिस और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। काफी प्रयास के बाद क्षतिग्रस्त हिस्से को काटकर चालक को बाहर निकाला गया। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कंटेनर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के वास्तविक कारण और सामने चल रहे वाहन से टक्कर की परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता