विस चुनाव 2026 : नारायणगढ़ सीट पर भाजपा उम्मीदवार चयन से नाराज कार्यकर्ताओं ने खड़गपुर पार्टी कार्यालय में किया प्रदर्शन
खड़गपुर, 21 मार्च (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले के नारायणगढ़ विधानसभा क्षेत्र से भाजपा द्वारा रमा प्रसाद गिरि को प्रत्याशी बनाए जाने के फैसले के बाद पार्टी के भीतर असंतोष गहरा गया है। शनिवार को इस नाराजगी का असर खड़गपुर स्थित कौशल्या में भाजपा के जिला कार्यालय पर देखने को मिला, जहां बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचकर जोरदार विरोध प्रदर्शन करने लगे।
सूत्रों के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने प्रत्याशी चयन पर सवाल उठाते हुए रमा प्रसाद गिरि को बदले जाने की मांग की और कार्यालय परिसर में जमकर नारेबाजी की। देखते ही देखते प्रदर्शन उग्र हो गया और कुछ उत्तेजित कार्यकर्ताओं ने कार्यालय के अंदर घुसकर फर्नीचर और अन्य सामानों में तोड़फोड़ की। इस घटना के बाद मौके पर तनाव का माहौल बन गया।
विरोध कर रहे कार्यकर्ताओं में से एक कार्यकर्ता प्रदीप मंडल ने बताया कि प्रदेश स्तर पर पार्टी के जिम्मेदार पदाधिकारियों को इस मामले से अवगत कराया गया था। इसके साथ ही जिला स्तर के अधिकारियों को भी शिकायत दी गई, लेकिन उनकी ओर से कोई सुनवाई नहीं की गई, जिसके चलते उन्हें मजबूर होकर खड़गपुर में विरोध प्रदर्शन करना पड़ा।
उन्होंने आरोप लगाया कि रमा प्रसाद गिरी लंबे समय तक पार्टी से दूर रहे हैं और पार्टी के विभिन्न निर्णय स्वयं ले रहे हैं। कार्यकर्ता का कहना है कि उनका पार्टी के किसी भी कार्यकर्ता के साथ कोई संपर्क नहीं है, जिससे जमीनी स्तर पर असंतोष बढ़ गया है।
विरोध करने वाले कार्यकर्ताओ ने यह भी दावा किया कि बूथ स्तर से लेकर मंडल स्तर तक के कार्यकर्ता इस फैसले से नाराज हैं। उनका कहना है कि लगभग दो सौ से अधिक कार्यकर्ता इस विरोध के चलते पार्टी छोड़ने के लिए तैयार हैं, जिससे संगठन पर बड़ा असर पड़ सकता है।
स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि इस असंतोष के पीछे पार्टी के अंदरूनी गुटबाजी और नेतृत्व को लेकर मतभेद भी एक बड़ा कारण हो सकता है।
इस पूरे प्रकरण को लेकर भाजपा जिला अध्यक्ष शामित मंडल ने कहा कि वे जल्द ही कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर उनकी सभी समस्याओं को सुनेंगे और उसके समाधान का प्रयास करेंगे। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा भी स्थिति को नियंत्रित करने और कार्यकर्ताओं को शांत करने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
वहीं, भाजपा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य और नयाग्राम विधानसभा के प्रभारी शैलेश शुक्ला ने कहा कि, संगठन द्वारा लिया गया निर्णय सर्वोपरि है और इसके विरुद्ध कोई भी उग्र आंदोलन स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट बताते हुए कहा कि सभी पार्टी के विकास और विजय के लिए समर्पित हैं तथा सभी समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा।
वहीं, तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और माकपा (सीपीएम) इस घटना को भाजपा की आंतरिक कलह बताते हुए लगातार निशाना साध रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

