भाजपा प्रत्याशी के प्रचार के दौरान बवाल
पश्चिम मेदिनीपुर, 27 मार्च (हि. स.)। जिले के नारायणगढ़ विधानसभा क्षेत्र में शुक्रवार को भाजपा प्रत्याशी के चुनावी प्रचार के दौरान तनाव की स्थिति पैदा हो गई। घटना बेलदा थाना क्षेत्र के हेमचंद्र ग्राम पंचायत के रामसरिषा इलाके की है, जहां प्रचार के दौरान स्थानीय लोगों के साथ कहासुनी के बाद स्थिति गरमा गई।
जानकारी के अनुसार, नारायणगढ़ विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी रमा प्रसाद गिरी शुक्रवार सुबह अपने समर्थकों के साथ रामसरिषा इलाके में चुनाव प्रचार करने पहुंचे थे। इसी दौरान एक स्थानीय व्यक्ति ने कथित रूप से प्रत्याशी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। इसको लेकर वहां मौजूद भाजपा समर्थक और स्थानीय लोगों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
घटना के विरोध में भाजपा प्रत्याशी और उनके समर्थक सड़क पर बैठ गए और कुछ देर तक विरोध प्रदर्शन किया। बाद में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रत्याशी पर हमले का आरोप लगाते हुए बेलदा थाना के सामने पथावरोध कर दिया। इसकी वजह से इलाके में कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ और लोगों की भीड़ जुट गई।
दूसरी ओर, इस घटनाक्रम को लेकर स्थानीय तृणमूल कांग्रेस नेतृत्व ने भाजपा पर निशाना साधा है।
ब्लॉक तृणमूल अध्यक्ष सुकुमार जना ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भाजपा अपने आंतरिक विवाद को छिपाने के लिए इस तरह की घटनाओं को नाटकीय रूप दे रही है, जो आम लोगों के लिए हास्यास्पद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

