नारायण देबनाथ की जयंती पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने दी श्रद्धांजलि
कोलकाता, 25 नवंबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने प्रसिद्ध कार्टूनिस्ट और पद्मश्री सम्मानित नारायण देबनाथ की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। मुख्यमंत्री ने बुधवार सुबह सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बंगाल के इस महान चित्रकार और कार्टूनिस्ट को नमन किया।
नारायण देबनाथ का जन्म 25 नवंबर 1925 को हावड़ा के शिवपुर में हुआ था। उन्होंने अपनी अनूठी कल्पनाशक्ति और चित्रकारी के माध्यम से बंगाली बाल साहित्य और कॉमिक्स की दुनिया में विशिष्ट पहचान बनाई। उनके द्वारा रचे गए 'हांदा-भोंदा', 'बांटुल द ग्रेट' और 'नंटे-फंटे' जैसे लोकप्रिय कार्टून पात्र कई पीढ़ियों के बचपन का अभिन्न हिस्सा रहे हैं। देबनाथ ने वर्ष 1962 में 'हांदा-भोंदा', 1965 में 'बांटुल द ग्रेट' और 1969 में 'नंटे-फंटे' की रचना की थी। 'हांदा-भोंदा' कॉमिक्स श्रृंखला ने लगातार 53 वर्षों तक प्रकाशित होने का रिकॉर्ड बनाया।
वर्ष 1950 में 'शुक्तारा' पत्रिका से स्वतंत्र चित्रकार के रूप में अपने करियर की शुरुआत करने वाले नारायण देबनाथ ने चित्रकला और बाल साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया। उन्हें वर्ष 2007 में राष्ट्रपति विशेष सम्मान, 2013 में साहित्य अकादमी पुरस्कार और बंग विभूषण से सम्मानित किया गया था। वर्ष 2015 में रवींद्र भारती विश्वविद्यालय ने उन्हें डी. लिट. की मानद उपाधि प्रदान की। वर्ष 2021 के पद्म पुरस्कारों में उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया गया। 18 जनवरी 2022 को 96 वर्ष की आयु में उनका निधन हो गया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

