नंदीग्राम में तृणमूल को झटका, भाजपा में शामिल कार्यकर्ता
पूर्व मेदिनीपुर, 23 मार्च (हि. स.)। चुनाव घोषणा के बाद पूर्व मेदिनीपुर के नंदीग्राम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के केंद्रीय कार्यालय के उद्घाटन के दिन ही तृणमूल कांग्रेस में टूट की तस्वीर सामने आई। तृणमूल कांग्रेस छोड़कर 256 नंबर पारुलबाड़ी बूथ के सदस्य देवाशीष दलपति ने भाजपा का दामन थाम लिया।
सोमवार को नंदीग्राम में भाजपा के केंद्रीय कार्यालय के उद्घाटन के बाद भाजपा नेता साहेब दास और जयदेव दास के हाथों उन्होंने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। देवाशीष दलपति का आरोप है कि लंबे समय तक तृणमूल कांग्रेस से जुड़े रहकर काम करने के बावजूद उन्हें कोई अवसर या सुविधा नहीं मिली।
उन्होंने दावा किया कि हाल ही में पवित्र कर के तृणमूल में शामिल होते ही उन्हें चुनाव का टिकट दे दिया गया, जबकि पुराने कार्यकर्ता लंबे समय तक काम करने के बावजूद उचित सम्मान और अवसर से वंचित रह गए। इसी नाराजगी के कारण उन्होंने पार्टी छोड़ने का फैसला किया।
इस घटना के बाद नंदीग्राम के राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। चुनाव से ठीक पहले हुए इस दल-बदल को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भाजपा नेतृत्व का दावा है कि आने वाले दिनों में और भी कई कार्यकर्ता उनकी पार्टी में शामिल होंगे।
खबर लिखे जाने तक तृणमूल कांग्रेस की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

