home page

अभिषेक बनर्जी और शुभेंदु अधिकारी की रैलियों से नंदीग्राम में बढ़ी हलचल

 | 
अभिषेक बनर्जी और शुभेंदु अधिकारी की रैलियों से नंदीग्राम में बढ़ी हलचल


मेदिनीपुर, 25 मार्च (हि. स.)। विधानसभा चुनाव से पहले पूर्व मेदिनीपुर के नंदीग्राम में बुधवार को दो प्रमुख राजनीतिक पार्टियों के दिग्गज नेताओं की सभाओं को लेकर माहौल गरम हो गया है। अभिषेक बनर्जी और शुभेंदु अधिकारी एक ही दिन अलग-अलग स्थानों पर जनसभाएं करेंगे। इसे देखते हुए प्रशासन ने इलाके में अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ की है।

मंगलवार से ही नंदीग्राम के विभिन्न प्रवेश मार्गों पर नाका चेकिंग शुरू कर दी गई थी। सभास्थलों को सीसीटीवी निगरानी में रखा गया है और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस व प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।

तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी नंदीग्राम-दो ब्लॉक के बिरुलिया स्थित घोलपुकुर बाजार के पास आयोजित कार्यकर्ता सभा को संबोधित करेंगे। पहले यह सभा नंदीग्राम-एक ब्लॉक के एसबीआई मैदान में प्रस्तावित थी, जिसे बाद में बदला गया। सभा के लिए बड़े पैमाने पर तैयारियां की गई हैं, जिसमें हजारों लोगों के बैठने की व्यवस्था और विशाल मंच का निर्माण शामिल है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, नंदीग्राम के 286 बूथों से कार्यकर्ताओं को शामिल होने का निर्देश दिया गया है। सभास्थल के पास अस्थायी हेलीपैड भी बनाया गया है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि नंदीग्राम-एक ब्लॉक जहां तृणमूल का मजबूत गढ़ है, वहीं नंदीग्राम-दो में भाजपा का प्रभाव अपेक्षाकृत अधिक है। इसी कारण तृणमूल नेतृत्व ने इस क्षेत्र को सभा के लिए चुना है, ताकि कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाया जा सके।

वहीं, भाजपा उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी नंदीग्राम के रेयापाड़ा में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को चुनावी रणनीति और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। पार्टी नेताओं का दावा है कि इस बार वे बड़े अंतर से जीत दर्ज करेंगे।

दोनों पार्टियों की इन हाई-प्रोफाइल सभाओं के कारण नंदीग्राम में राजनीतिक सरगर्मी चरम पर है और प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता