बदले गए नंदीग्राम के पुलिस पर्यवेक्षक
कोलकाता, 21 अप्रैल (हि. स.)। पूर्व मेदिनीपुर जिले की चर्चित नंदीग्राम विधानसभा सीट पर मतदान से दो दिन पहले निर्वाचन आयोग ने पुलिस पर्यवेक्षक को बदल दिया है। चुनाव आयोग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी के अनुसार, नंदीग्राम के पुलिस पर्यवेक्षक हितेश चौधरी को हटाकर उनकी जगह अखिलेश सिंह की नियुक्ति की गई है।
यह फैसला तृणमूल कांग्रेस द्वारा नंदीग्राम थाना प्रभारी पर पक्षपात के आरोप लगाए जाने के एक दिन बाद सामने आया है। तृणमूल कांग्रेस ने सोमवार को पुलिस प्रेक्षक को पत्र लिखकर आरोप लगाया था कि पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा भाजपा सदस्यों के खिलाफ दर्ज कराई गई शिकायतों पर कार्रवाई नहीं की जा रही है।
अधिकारी ने बताया कि सत्तारूढ़ पार्टी ने पुलिस पर्यवेक्षक से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की थी और शिकायत मिलने के तुरंत बाद पर्यवेक्षक बदलने का आदेश जारी किया गया।
निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल में चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था पर नजर रखने के लिए 84 पुलिस पर्यवेक्षकों की तैनाती की है। प्रत्येक अधिकारी को कई विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इससे पहले आयोग मालदा और जंगीपुर में तैनात पर्यवेक्षकों को भी बदल चुका है।
294 सदस्यीय पश्चिम बंगाल विधानसभा के लिए मतदान दो चरणों में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को होगा, जबकि चार मई को मतगणना की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

