नंदीग्राम में तृणमूल के हाथ से निकली एक और ग्राम पंचायत
पूर्व मेदिनीपुर, 09 जुलाई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल ने भाजपा के सत्ता पर आने के बाद स्थानीय निकायों में राजनीतिक समीकरण तेजी से बदल रहे हैं। इसी क्रम में पूर्व मेदिनीपुर जिले के नंदीग्राम-दो विकासखंड स्थित खोड़ामबाड़ी-1 ग्राम पंचायत पर भी तृणमूल कांग्रेस का कब्जा समाप्त हो गया है। बुधवार आयोजित सामान्य सभा में भारतीय जनता पार्टी ने पंचायत का नियंत्रण अपने हाथ में ले लिया। भाजपा की नमिता कोयाल पात्र ग्राम प्रधान तथा शिवकाली घोड़ाई उपप्रधान निर्वाचित हुए।
खोड़ामबाड़ी-1 ग्राम पंचायत में कुल 15 सदस्य हैं। पिछले पंचायत चुनाव में तृणमूल कांग्रेस ने आठ तथा भाजपा ने सात सीटों पर विजय प्राप्त की थी। इस पंचायत की प्रधान मौमिता खालुआ मंत्री तथा उपप्रधान सुनील बरण जना थे। दोनों ने कुछ दिन पूर्व अपने-अपने पदों से त्यागपत्र दे दिया था। इसके बाद बुधवार को पंचायत की सामान्य सभा बुलाई गई, जिसमें नए प्रधान और उपप्रधान का निर्वाचन हुआ।
निर्वाचन में भाजपा की नमिता कोयाल पात्र को ग्राम प्रधान तथा शिवकाली घोड़ाई को उपप्रधान चुना गया। पंचायत पर नियंत्रण मिलने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने भगवा अबीर उड़ाकर उत्सव मनाया और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी व्यक्त की।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी पूर्व मेदिनीपुर जिला परिषद पर भारतीय जनता पार्टी ने नियंत्रण स्थापित किया था। अब नंदीग्राम की खोड़ामबाड़ी-1 ग्राम पंचायत भी तृणमूल कांग्रेस के हाथ से निकल गई है। राजनीतिक दृष्टि से इसे जिले में भाजपा की एक और महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम से वर्तमान मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने विजय प्राप्त की थी। उन्होंने भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस की नेता ममता बनर्जी को भी पराजित किया था। बाद में विधायक के रूप में शपथ लेने के समय उन्होंने नंदीग्राम विधानसभा सीट से इस्तीफा दे दिया। इस कारण नंदीग्राम में शीघ्र ही उपचुनाव होना है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने दावा किया है कि उनकी पार्टी इस उपचुनाव में भी एक लाख से अधिक मतों के अंतर से जीत दर्ज करेगी।
नवनिर्वाचित प्रधान नमिता कोयाल पात्र ने कहा कि वे मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के मार्गदर्शन में पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों को आगे बढ़ाएंगी।
स्थानीय भाजपा नेताओं का आरोप है कि खोड़ामबाड़ी-1 ग्राम पंचायत में तृणमूल कांग्रेस के कार्यकाल के दौरान विकास के नाम पर व्यापक भ्रष्टाचार हुआ। उनका कहना है कि अब पंचायत में पारदर्शी और जनहितकारी विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

