नंदीग्राम में अल्पसंख्यक वोट को लेकर शुभेंदु अधिकारी का बड़ा दावा
कोलकाता, 05 अक्टूबर (हि. स.)। नंदीग्राम विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के अंतिम दिन रविवार को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भाजपा प्रत्याशी हासिरानी रथ के समर्थन में दो पदयात्राएं कीं। प्रचार समाप्त होने के बाद हरिपुर स्थित पार्टी कार्यालय में देर रात पत्रकार सम्मेलन में उन्होंने दावा किया कि इस बार अल्पसंख्यक समुदाय के लोग भाजपा को अपना रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब कोई दोस्ती के लिए हाथ बढ़ाए तो उसे ठुकराने के बजाय थामना चाहिए।
रविवार को शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम-एक नंबर ब्लॉक के टेंगुआ से अस्पताल मोड़ तक करीब तीन किलोमीटर लंबी पदयात्रा की। हाथों में भाजपा के झंडे और प्लेकार्ड लेकर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक उनके साथ चले। इसी तरह शाम को नंदीग्राम-दो नंबर ब्लॉक के राजारामचक से मिरेर बाजार तक पदयात्रा निकाली गई। दोनों पदयात्राओं में काफी भीड़ दिखाई दी। रास्ते के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग जमा थे।
रात में हरिपुर स्थित पार्टी कार्यालय में पत्रकार सम्मेलन में शुभेंदु अधिकारी ने चुनाव में जीत को लेकर भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोग सड़क पर निकले थे। लोग हाथों में प्लेकार्ड लेकर काफी देर तक सड़क के दोनों ओर खड़े रहे। प्लेकार्ड पर लिखा था कि वे दोस्ती करना चाहते हैं।
दोस्ती के इस संदेश पर शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि अगर कोई दोस्ती के लिए हाथ बढ़ाता है तो उसे ठुकराना नहीं चाहिए, बल्कि उसका हाथ थामना चाहिए।
शुभेंदु अधिकारी ने दावा किया कि अल्पसंख्यक समुदाय के लोग भी भाजपा को अपना रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले पंचायत चुनाव में अल्पसंख्यक बहुल इलाकों में भाजपा उम्मीदवार खड़ा नहीं कर पाती थी। ऐसे स्थानों पर भाजपा निर्दलीय उम्मीदवारों का समर्थन करती थी। अब उन्हीं इलाकों के लोगों ने भाजपा को बुलाया है।
नंदीग्राम और रेजिनगर में छह अक्टूबर को उपचुनाव होना है और नौ अक्टूबर को मतगणना होगी। शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि इसके बाद आम लोगों का रुख पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगा। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक समुदाय में दिखाई दे रहे उत्साह से लगता है कि भाजपा की जीत का अंतर काफी बढ़ेगा।
मुख्यमंत्री ने चुनाव शांतिपूर्ण होने का भी भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव शांतिपूर्ण होगा। उन्होंने कहा कि मैं मुख्यमंत्री हूं और पुलिस मंत्री भी हूं। इसलिए सुरक्षा की जिम्मेदारी मैं देखूंगा।
इस दौरान उन्होंने तृणमूल कांग्रेस पर भी निशाना साधा। व्यंग्य करते हुए शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि उन्होंने पहले ही कहा था कि तृणमूल का नाम-निशान नहीं रहेगा और वही हुआ है। उन्होंने कहा कि नंदीग्राम में ममता बनर्जी का कोई चिह्न नहीं है। रेजिनगर में नोटा के नीचे तृणमूल पांचवें या छठे स्थान पर रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

