नंदीग्राम में माकपा की जगह सीपीआई चुनावी मुकाबले में
मेदिनीपुर, 16 मार्च (हि.स.)।
पूर्व मेदिनीपुर जिले में अब वाम मोर्चा (सीपीआईएम) का प्रभाव न के बराबर है। अब खबर मिली है कि नंदीग्राम विधानसभा और जिले की तीन अन्य सीटों पर अब सीपीएम अपने साथी दल सीपीआई को उम्मीदवारी देने वाली है।
पिछले चुनाव में नंदीग्राम में बाम उम्मीदवार मिनाक्षी मुखोपाध्याय मैदान में थीं, लेकिन उन्हें जीत नहीं मिली। इस बार सीपीएम ने नंदीग्राम समेत चार सीटों पर सीपीआई को उम्मीदवार देने का निर्णय लिया है। इसके अलावा कांथी दक्षिण, पोटाशपुर और तमलुक विधानसभा सीटों पर भी सीपीआई उम्मीदवार खड़े होंगे।
सीपीएम के पूर्व मिदनापुर जिला सचिव निरंजन सिही के अनुसार, “नंदीग्राम समेत चार सीटों पर हमारे साथी दल सीपीआई उम्मीदवार देंगे। पिछली बार ममता बनर्जी और शुभेंदु अधिकार जैसे प्रभावी उम्मीदवारों के कारण हमने उम्मीदवार दिया था, अब हम सीपीआई को अवसर दे रहे हैं।”
वाम नेताओं के एक गुट का कहना है कि पिछले चुनाव में हारने के बाद वाम वोट वापस लाने की चुनौती सीपीएम नहीं ले पाया, इसलिए इस बार सीपीआई को मौका दिया गया है। वहीं तृणमूल नेताओं का तंज है कि यह जटिल गठबंधन बीजेपी को फायदा पहुंचाने वाला है, लेकिन नंदीग्राम में तृणमूल की जीत सुनिश्चित है।
राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि फिलहाल सीपीएम अकेले लड़ने की स्थिति में नहीं है, इसलिए गठबंधन बनाकर शासन दल को चुनौती देने की रणनीति अपना रही है। वहीं भाजपा के वरिष्ठ नेताओं का कहना है विपक्षी कुछ भी कर लें आने वाले चुनाव में भाजपा को रोक नहीं सकेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

