home page

नंदीग्राम के छह पुराने मामलों में कांग्रेस नेता मिलन प्रधान ने हल्दिया अदालत में किया आत्मसमर्पण

 | 
नंदीग्राम के छह पुराने मामलों में कांग्रेस नेता मिलन प्रधान ने हल्दिया अदालत में किया आत्मसमर्पण


कोलकाता, 27 नवंबर (हि. स.)। कलकत्ता उच्च न्यायालय के निर्देश का पालन करते हुए नंदीग्राम के कांग्रेस नेता तथा 2026 के नंदीग्राम विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी रहे मिलन प्रधान ने शुक्रवार को हल्दिया अनुमंडल न्यायालय में आत्मसमर्पण किया। वर्ष 2007 के नंदीग्राम भूमि आंदोलन से जुड़े छह पुराने मामलों में यह कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। उच्च न्यायालय ने उन्हें 27 नवंबर तक निचली अदालत में आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया था।

न्यायालय से मिली जानकारी के अनुसार, वर्ष 2007 के नंदीग्राम आंदोलन के दौरान दर्ज छह मामलों में पुलिस ने मिलन प्रधान को गिरफ्तार किया था। इनमें चार मामले नंदीग्राम थाने और दो मामले खेजुरी थाने में दर्ज हैं। इन मामलों में हत्या, हत्या का प्रयास, अवैध जमावड़ा और लूटपाट जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, इन पुराने मामलों के सिलसिले में गत 18 सितंबर को उन्हें गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद 29 सितंबर को कलकत्ता उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति तीर्थंकर घोष की पीठ ने उन्हें तीन सप्ताह की सशर्त अंतरिम जमानत प्रदान की थी। नंदीग्राम विधानसभा उपचुनाव में उन्हें हिस्सा लेने का अवसर देने के मद्देनजर यह राहत दी गई थी। बाद में 20 अक्टूबर को उनकी अंतरिम जमानत की अवधि बढ़ाकर 25 नवंबर कर दी गई थी। साथ ही उपचुनाव की प्रक्रिया पूरी होने के बाद निचली अदालत में आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया गया था। 25 नवंबर को जमानत की अवधि समाप्त होने के बाद मिलन प्रधान ने इसे और बढ़ाने के लिए फिर से उच्च न्यायालय का रुख किया था। हालांकि, न्यायमूर्ति तीर्थंकर घोष की पीठ ने उनकी याचिका स्वीकार नहीं की। अदालत ने बार-बार जमानत की अवधि बढ़ाने की मांग करने पर असंतोष जताते हुए उन्हें 27 नवंबर तक हल्दिया की निचली अदालत में आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया था। इसके बाद नियमित जमानत के लिए संबंधित अदालत में आवेदन करने की अनुमति दी गई थी।

शुक्रवार को अदालत पहुंचने से पहले मिलन प्रधान ने कहा कि वह कलकत्ता उच्च न्यायालय के आदेश का सम्मान करते हुए आत्मसमर्पण करने आए हैं। उन्होंने वर्ष 2007 के मामलों में अन्य आरोपितों के खिलाफ भी इसी तरह की कार्रवाई नहीं होने पर सवाल उठाया। उनका दावा है कि उन्हें झूठे मामलों में फंसाया गया है।

उल्लेखनीय है कि 2026 के नंदीग्राम विधानसभा उपचुनाव से पहले मिलन प्रधान की गिरफ्तारी को लेकर राज्य की राजनीति में विवाद हुआ था। कांग्रेस ने उनकी गिरफ्तारी को राजनीतिक उद्देश्य से की गई कार्रवाई बताते हुए विरोध जताया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता