home page

नंदीग्राम में भाजपा को झटका, पार्टी नेता पवित्र कर तृणमूल में शामिल

 | 
नंदीग्राम में भाजपा को झटका, पार्टी नेता पवित्र कर तृणमूल में शामिल


शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ लड़ सकते हैं चुनाव

कोलकाता, 17 मार्च (हि. स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को नंदीग्राम में बड़ा झटका लगा है। भाजपा के स्थानीय नेता पवित्र कर मंगलवार को तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए। उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी की मौजूदगी में तृणमूल का दामन थामा।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, पवित्र कर को तृणमूल कांग्रेस नंदीग्राम सीट से उम्मीदवार बना सकती है, जहां उनका मुकाबला विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी से होने की संभावना है।

तृणमूल कांग्रेस ने सामाजिक माध्यम पर एक संदेश जारी कर बताया कि पूर्व मेदिनीपुर जिले के नंदीग्राम दो ब्लॉक के बोयाल-एक ग्राम पंचायत के पूर्व भाजपा नेता पवित्र कर ने पार्टी की नीतियों से असंतुष्ट होकर तृणमूल में शामिल होने का फैसला किया है।

पार्टी ने अपने संदेश में कहा कि भाजपा की जनविरोधी नीतियों से असंतुष्ट होकर पवित्र कर ने ममता बनर्जी के नेतृत्व में ‘मां, माटी, मानुष’ की भावना के साथ लोगों के हित में काम करने का निर्णय लिया है।

यह घटनाक्रम भाजपा द्वारा यह घोषणा किए जाने के एक दिन बाद सामने आया है कि शुभेंदु अधिकारी इस बार नंदीग्राम के साथ-साथ कोलकाता की भवानीपुर सीट से भी चुनाव लड़ेंगे। भवानीपुर सीट वर्तमान में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के पास है।

यदि ममता बनर्जी एक बार फिर भवानीपुर से चुनाव लड़ती हैं तो यह 2021 के बाद दूसरी बार होगा जब उनका सीधा मुकाबला शुभेंदु अधिकारी से देखने को मिल सकता है। वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव में शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम सीट से ममता बनर्जी को हराया था।

हालांकि बाद में ममता बनर्जी भवानीपुर सीट पर हुए उपचुनाव में जीत दर्ज कर तीसरी बार मुख्यमंत्री बनी रहीं।

फिलहाल पवित्र कर के तृणमूल में शामिल होने को लेकर भाजपा की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि पार्टी उनके खिलाफ कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई करेगी या नहीं।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर