home page

नंदीग्राम में बूथ एजेंट को लेकर तृणमूल और भाजपा में आरोप-प्रत्यारोप

 | 
नंदीग्राम में बूथ एजेंट को लेकर तृणमूल और भाजपा में आरोप-प्रत्यारोप


कोलकाता, 23 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के बीच पूर्व मेदिनीपुर जिले के नंदीग्राम में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गया है। तृणमूल कांग्रेस ने दावा किया है कि नंदीग्राम के 55 मतदान केंद्रों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)अपना एजेंट तक नहीं दे पाई। हालांकि भाजपा ने इस आरोप को सिरे से खारिज कर दिया है।

तृणमूल नेता शेख सूफियान ने कहा कि कई बूथों पर भाजपा के एजेंट मौजूद नहीं हैं। वहीं भाजपा की ओर से तमलुक जिला इकाई के महासचिव मेघनाद पाल ने इस आरोप को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि तृणमूल बताए कि किन-किन बूथों पर एजेंट नहीं हैं।

इस बीच तृणमूल कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया है कि नंदीग्राम में पुलिस भाजपा के पक्ष में काम कर रही है। पार्टी ने दो पुलिस अधिकारियों के खिलाफ चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराई है। गुरुवार सुबह राज्य की निवर्तमान मंत्री शशि पांजा ने पत्रकार वार्ता कर कहा कि जिन दो पुलिसकर्मियों पर पक्षपात के आरोप हैं, उन्हें नंदीग्राम में चुनाव ड्यूटी पर लगाया गया है। इस मुद्दे पर तृणमूल के प्रतिनिधिमंडल ने राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज अग्रवाल से मुलाकात कर शिकायत भी सौंपी है।

वहीं नंदीग्राम सीट से भाजपा के वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी ने गुरुवार सुबह मतदान करने के बाद कहा कि इस बार मतदान शांतिपूर्ण और बेहतर तरीके से हो रहा है। हालांकि उन्होंने पिंगला थाना प्रभारी चिन्मय प्रमाणिक पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए उनके निलंबन की मांग की।

उल्लेखनीय है कि नंदीग्राम सीट को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में सबसे चर्चित सीटों में से एक माना जा रहा है, जहां मतदान के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता