सड़क दुर्घटना में चार लोगों की मौत
पूर्व मेदिनीपुर, 16 जुलाई (हि. स.)। जिले के नंदकुमार क्षेत्र में जगन्नाथ रथयात्रा के दिन गुरुवार सुबह एक भयावह सड़क दुर्घटना में चार लोगों की मृत्यु हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। दुर्घटना राष्ट्रीय राजमार्ग-116बी पर हेरिया बाजार के निकट हुई। मृतकों की पहचान तपन दास, शिवब्रत पटनायक, अशोक माइती तथा शुभदीप मंडल के रूप में हुई है। मृतकों में बस चालक भी शामिल है।
पुलिस के अनुसार, कोलकाता से दीघा जा रही एक यात्री बस में यांत्रिक खराबी आने के कारण उसे सड़क किनारे खड़ा किया गया था। चालक और बसकर्मी उसकी मरम्मत में जुटे थे तथा यात्रियों को पहले ही बस से नीचे उतार दिया गया था। इसी दौरान दीघा की ओर जा रहा एक तेज गति का मालवाहक वाहन अनियंत्रित होकर पीछे से बस में जा टकराया। टक्कर इतनी भयावह थी कि घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य प्रारंभ करते हुए पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर खेजुरी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को हेरिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। तीन घायलों को बेहतर उपचार के लिए तमलुक जिला अस्पताल भेजा गया है।
दुर्घटना के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-116बी पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। बाद में पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कराया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मालवाहक वाहन को जब्त कर लिया है। हालांकि उसका चालक घटना के बाद फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

