नंदकुमार में राष्ट्रीय राजमार्ग पर बस-टैंकर की टक्कर, 22 यात्री घायल
पूर्व मेदिनीपुर, 13 मार्च (हि. स.)। जिले के नंदकुमार थाना क्षेत्र के हांसगेड़िया इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग-116 पर शुक्रवार सुबह भयावह सड़क दुर्घटना में 22 यात्री घायल हो गए। यात्रियों से भरी एक बस सड़क किनारे खड़े टैंकर के पीछे जोरदार टक्कर मारने से यह हादसा हुआ। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार सुबह लगभग साढ़े छह बजे सोलपट्टा-कोलकाता रूट की एक बस सोलपट्टा से कोलकाता की ओर जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस तेज रफ्तार में चल रही थी। इसी दौरान चालक ने आगे चल रही एक अन्य बस को ओवरटेक करने की कोशिश की। तभी नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे खड़े टैंकर के पीछे जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और कई यात्री घायल हो गए। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों में से करीब 14 लोगों को तमलुक के ताम्रलिप्त मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया है, जबकि अन्य घायलों को नंदकुमार के खेजुरबेड़िया ब्लॉक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक घायलों में एक की हालत गंभीर है।
दुर्घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। इस घटना के कारण कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बाधित रहा। सूचना मिलने पर नंदकुमार थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

