home page

कोलकाता पुलिस हर स्थिति संभालने में सक्षम : अजय कुमार नंद

 | 
कोलकाता पुलिस हर स्थिति संभालने में सक्षम : अजय कुमार नंद


कोलकाता, 17 मार्च (हि. स.)। सोमवार पदभार संभालने के बाद नवनियुक्त कोलकाता पुलिस आयुक्त अजय कुमार नंद ने मंगलवार को कोलकाता में संवाददाता सम्मेलन किया। पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि कोलकाता पुलिस किसी भी स्थिति से निपटने में पूरी तरह सक्षम है। हाल ही में शशि पांजा के गिरिश पार्क स्थित आवास के बाहर हुई घटना को लेकर उठे सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए यह बात कही।

पुलिस आयुक्त नंद ने यह आरोप खारिज कर दिया कि घटना के दौरान समय पर केंद्रीय बलों को नहीं बुलाया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि उस समय आसपास केंद्रीय बल तैनात नहीं थे और पूरी घटना बहुत कम समय में घटित हो गई। कोलकाता पुलिस ऐसी स्थितियों को संभालने में पूरी तरह सक्षम है। ऐसा नहीं है कि हम उन्हें संभाल नहीं सकते।

नंद ने यह भी बताया कि इस समय राज्य में केंद्रीय बलों की उपलब्धता सीमित है। उन्होंने कहा कि फिलहाल राज्य में केंद्रीय बल अधिक संख्या में मौजूद नहीं हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखना, बैठकें और रैलियों का प्रबंधन हम स्वयं करते हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि केंद्रीय बलों को कब बुलाया जाना चाहिए, इसके लिए कोई निश्चित या “वॉटरटाइट” नियम नहीं है। गिरिश पार्क की घटना को “दुर्भाग्यपूर्ण” बताते हुए पुलिस आयुक्त ने कहा कि मामले की जांच जारी है।

नंद ने शहर पुलिस और केंद्रीय बलों के बीच किसी भी तरह के मतभेद के दावों को भी खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान केंद्रीय बल, विशेषकर सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्स सहायक भूमिका निभाते हैं और उन्हें विभिन्न चरणों में तैनात किया जाता है।

उन्होंने कहा कि समन्वय सुनिश्चित करने के लिए एक प्रक्रिया मौजूद है, जिसमें नोडल अधिकारी और निर्धारित समय-सीमा तय होती है। संचार में किसी प्रकार की कमी नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्रीय बलों की तैनाती के लिए अधिक स्पष्ट दिशा-निर्देश होने से व्यवस्था और सुचारु हो सकती है।

आगामी चुनावों के मद्देनज़र नंद ने कहा कि कोलकाता में स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करना अब पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के बाद पोस्टर हटाने से जुड़े मामलों सहित सभी शिकायतों की जांच की जाएगी।

उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य कोलकाता के लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और निष्पक्ष चुनाव कराना है। एक नेता के रूप में मैं यह सुनिश्चित करूंगा कि मैं अपनी जिम्मेदारी निभाने में असफल न रहूं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता