नानूर में भाजपा प्रत्याशी की गाड़ी में तोड़फोड़ का आरोप, तृणमूल ने किया खारिज
बीरभूम, 26 अप्रैल (हि.स.)। नानूर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार खोकन दास की गाड़ी में तोड़फोड़ का आरोप तृणमूल कांग्रेस पर लगा है। हालांकि, तृणमूल ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। यह घटना शनिवार रात बोलपुर के चित्रा मोड़ इलाके में हुई।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को मतदान के बाद बोलपुर, नानूर और लाभपुर सीटों के ईवीएम बोलपुर कॉलेज के स्ट्रॉन्ग रूम में कड़ी सुरक्षा के बीच रखे गए हैं। भाजपा का आरोप है कि शनिवार रात एक युवक फर्जी पहचान के साथ स्ट्रॉन्ग रूम में प्रवेश करने की कोशिश कर रहा था। इसकी सूचना मिलने पर भाजपा उम्मीदवार खोकन दास मौके पर निरीक्षण के लिए पहुंचे।
खोकन दास का आरोप है कि चित्रा मोड़ के पास नानूर के तृणमूल उम्मीदवार समेत पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उन्हें घेर लिया और उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ की। घटना की खबर फैलते ही भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक बड़ी संख्या में वहां पहुंच गए। कुछ ही देर में तृणमूल के समर्थक भी मौके पर आ गए, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
स्थिति बिगड़ती देख बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हालात को नियंत्रण में लिया। रविवार को मामले को लेकर इलाके में तनाव बना हुआ है और पुलिस स्थिति पर नजर रखे हुए है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

