home page

वोटर लिस्ट से नाम हटाये जाने का विरोध, टायर जलाकर प्रदर्शन

 | 
वोटर लिस्ट से नाम हटाये जाने का विरोध, टायर जलाकर प्रदर्शन


सिलीगुड़ी, 31 मार्च (हि.स.)। सिलीगुड़ी महकमा के फांसीदेवा इलाके में वोटर लिस्ट से बड़े पैमाने पर नाम हटाए जाने को लेकर विवाद गहरा गया है। यहां एक बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) समेत कुल 322 वोटरों के नाम सूची से हटा दिए गए हैं, जिससे स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।

जानकारी के अनुसार, बुढ़ारूगांव के 27/219 नंबर बूथ पर कुल 892 वोटर थे। पहली पूर्ण सूची जारी होने के बाद 344 वोटरों के नाम ‘जांचाधीन’ रखे गए थे। दूसरी सप्लीमेंट्री लिस्ट जारी होने पर इनमें से 322 नाम हटा दिए गए, जबकि केवल 22 नए नाम जोड़े गए। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि इसी बूथ के बीएलओ का नाम भी सूची से हटा दिया गया है।

नाम हटाए जाने के विरोध में स्थानीय लोगों ने मंगलवार को सड़क पर टायर जलाकर प्रदर्शन किया और अपना गुस्सा जाहिर किया।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि अगर उनके नाम दोबारा सूची में शामिल नहीं किए गए तो वे मतदान का बहिष्कार करेंगे। उनका कहना है कि 2002 से वोटर लिस्ट में नाम होने और पुराने दस्तावेज दिखाने के बावजूद भी उनके नाम काट दिए गए हैं। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार