home page

नलहाटी में मछली व्यवसायी की हत्या, इलाके में हड़कंप

 | 
नलहाटी में मछली व्यवसायी की हत्या, इलाके में हड़कंप


बीरभूम, 15 अप्रैल (हि. स.)। जिले के नलहाटी इलाके में मैदान से एक मछली व्यवसायी का क्षत-विक्षत शव बरामद होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक आशंका है कि व्यवसायी की पीट-पीटकर और धारदार हथियार से वार कर हत्या की गई है।मृतक की पहचान मुकुल शेख (42) के रूप में हुई है, जो नलहाटी थाना क्षेत्र के पाखाग्राम के निवासी थे। वह पेशे से मछली व्यवसायी थे।

मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह स्थानीय लोगों ने इलाके के एक मैदान में उनका क्षत-विक्षत शव पड़ा देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

परिवार के सदस्यों का आरोप है कि मुकुल शेख की बेरहमी से पिटाई करने के बाद धारदार हथियार से हमला कर हत्या की गई है। हालांकि, इस घटना के पीछे कौन या किन लोगों का हाथ है, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि मृतक की किसी के साथ कोई दुश्मनी या विवाद था या नहीं।

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। स्थानीय लोगों ने आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय