नदीमुल हक के उर्दू अखबार के 5.25 करोड़ रुपये वाले बैंक खाते ईडी ने किए फ्रीज
कोलकाता, 09 सितंबर (हि. स.)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सांसद नदीमुल हक से जुड़े ठिकानों पर तीन दिन चली तलाशी के बाद उर्दू दैनिक के करीब 5.25 करोड़ रुपये वाले बैंक खातों को फ्रीज कर दिया है। जांच एजेंसी ने तलाशी के दौरान कई आपत्तिजनक दस्तावेज और डिजिटल उपकरण भी जब्त किए हैं।
नदीमुल हक एक उर्दू अखबार प्रकाशित करने वाली कंपनी अखबार-ए-मशरिक प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक हैं। ईडी ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि उसकी जांच बिधाननगर पुलिस आयुक्तालय में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर शुरू हुई थी। प्राथमिकी में अखबार और उससे जुड़े अन्य लोगों पर सांप्रदायिक वैमनस्य को बढ़ावा देने वाली सामग्री प्रकाशित और प्रसारित करने तथा खातों में संदिग्ध लेनदेन के आरोप लगाए गए थे।
ईडी के अनुसार, अखबार की कंपनी ने कर्नाटक बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और जम्मू-कश्मीर बैंक में कई खाते खोल रखे थे। इन खातों में कुल 60 करोड़ रुपये से अधिक की नकद जमा का पता चला है।
जांच एजेंसी ने दावा किया कि कर्नाटक बैंक में कंपनी के तीन खाते थे, जिनमें करीब 5.60 करोड़ रुपये नकद जमा किए गए थे। बाद में इन खातों को बंद कर दिया गया। खातों की जांच में संदिग्ध स्रोतों से बिटकॉइन खरीद से जुड़े लेनदेन भी सामने आए, जिनके पीछे कोई स्पष्ट कारोबारी कारण नहीं मिला।
ईडी ने यह भी आरोप लगाया कि अखबार की कंपनी वास्तविक मुद्रित प्रतियों की संख्या से काफी अधिक प्रसार संख्या दिखा रही थी। एजेंसी के मुताबिक, इसका उद्देश्य प्रसार के आंकड़ों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश करना और अधिक विज्ञापन राजस्व हासिल करना था।
धनशोधन निवारण अधिनियम के तहत सोमवार सुबह शुरू हुई तलाशी बुधवार तक जारी रही। कोलकाता, रांची और नई दिल्ली में हक से जुड़ी कंपनियों और सहयोगी संस्थाओं के नौ ठिकानों के अलावा उनके आवास पर भी तलाशी ली गई।
ईडी अधिकारियों ने हक से उनके कार्यालय में पूछताछ भी की। उन्हें रांची से उनकी कार में कोलकाता लाया गया था। सूत्रों के मुताबिक, 60 करोड़ रुपये के लेनदेन से संबंधित पर्याप्त दस्तावेज उपलब्ध कराने में वह असमर्थ रहे।
ईडी ने बताया कि तलाशी के दौरान मोबाइल फोन, लैपटॉप और हार्ड ड्राइव समेत कई डिजिटल उपकरण और अन्य दस्तावेज जब्त किए गए। इसके अलावा अखबार के करीब 5.25 करोड़ रुपये की शेष राशि वाले बैंक खातों को भी फ्रीज कर दिया गया है।
तृणमूल कांग्रेस ने कार्रवाई को भाजपा की “राजनीतिक बदले की कार्रवाई” करार दिया है। पार्टी ने आरोप लगाया कि दिल्ली में इमारत ढहने की घटना से लोगों का ध्यान भटकाने के लिए यह कार्रवाई की गई।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

