नदिया के स्कूल में जोरदार विस्फोट से हड़कंप, बड़ा हादसा टला
नदिया, 11 अप्रैल (हि.स.)। चुनावी माहौल के बीच नदिया जिले में शनिवार दोपहर एक स्कूल में हुए जोरदार विस्फोट से हड़कंप मच गया। घटना कल्याणी विधानसभा क्षेत्र के सगुना ग्राम पंचायत अंतर्गत घोड़ागाछा माध्यमिक शिक्षा केंद्र में हुई, जहां अचानक विस्फोट हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब एक बजे हुए इस विस्फोट की आवाज से पूरा स्कूल परिसर दहल उठा। धमाके की तीव्रता इतनी थी कि भवन के एस्बेस्टस (छत) का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि उस समय स्कूल में कोई छात्र मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। उस समय स्कूल में चार शिक्षक मौजूद थे, जिन्होंने आवाज सुनकर मौके पर पहुंचकर क्षति देखी।
घटना की सूचना मिलते ही कल्याणी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। साथ ही केंद्रीय बल के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे इलाके का जायजा लिया। जांच के तहत ड्रोन की मदद से भी तलाशी अभियान चलाया गया।
फिलहाल विस्फोट के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस यह जांच कर रही है कि स्कूल परिसर में विस्फोटक सामग्री कैसे पहुंची। चुनावी माहौल को देखते हुए इस घटना के पीछे किसी संभावित राजनीतिक साजिश के पहलू को भी खंगाला जा रहा है।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और अभिभावकों में चिंता देखी जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

