शांतिपुर अस्पताल की दवा दुकान पर एक्सपायरी दवाएं बेचने का आरोप, हंगामे के बाद दुकान बंद
नदिया, 19 सितंबर (हि.स.)। शांतिपुर स्टेट जनरल अस्पताल परिसर में स्थित उचित मूल्य की दवा दुकान से कथित तौर पर मियाद खत्म हो चुकी दवाएं दिए जाने के आरोप को लेकर शनिवार सुबह हंगामा मच गया। शिकायत सामने आने के बाद मरीजों के परिजनों और स्थानीय लोगों ने दुकान को बंद कर दिया।
जानकारी के अनुसार, करीब दो दिन पहले चंदना साहा अपने बच्चे को इलाज के लिए शांतिपुर अस्पताल लेकर आई थीं। डॉक्टर की सलाह के बाद उन्होंने अस्पताल परिसर की उचित मूल्य वाली दवा दुकान से दवाएं खरीदीं। घर जाकर दवा की पट्टी खोलने पर कथित तौर पर कुछ गोलियां टूटी हुई मिलीं। परिजनों का आरोप है कि दवाओं से दुर्गंध भी आ रही थी।
मामला सामने आने के बाद शनिवार को स्थानीय लोग और मरीजों के परिजन अस्पताल परिसर में जुट गए। उन्होंने दवा दुकान से मियाद खत्म हो चुकी दवाएं दिए जाने का आरोप लगाते हुए दुकान बंद कर दी।
हालांकि, दुकान के कर्मचारियों का कहना है कि अस्पताल अधीक्षक या संबंधित अधिकारियों की ओर से दुकान बंद करने का कोई लिखित निर्देश नहीं दिया गया है। उनके अनुसार, लोगों की शिकायत के बाद फिलहाल दुकान को बंद रखा गया है।
मामले पर अस्पताल के अधीक्षक तारक बर्मन ने कहा कि शिकायत की जांच की जाएगी। दवाओं की वास्तविक स्थिति और उनकी वैधता की जांच के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर स्पष्ट होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

