नदिया जिले में अनिश्चितकाल के लिए लोकल बस परिसेवा बंद
कोलकाता , 31 अगस्त (हि.स.)।
नदिया जिले में सोमवार से अनिश्चितकाल के लिए लोकल बस सेवा बंद हो गई है, जिससे रोजाना यात्रा करने वाले यात्रियों, कार्यालय कर्मचारियों और अन्य लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बस कर्मचारियों ने पहले ही घोषणा की थी कि रानाघाट-कृष्णनगर-कालीनगर समेत विभिन्न रूटों पर बस सेवा बंद रखी जाएगी। उसी घोषणा के अनुसार सोमवार से पूरे नदिया जिले में लोकल बसों का परिचालन बंद कर दिया गया।
बस कर्मचारियों का आरोप है कि 12 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर टोटो और ऑटो की बढ़ती आवाजाही तथा उनके अनियंत्रित संचालन के कारण लोकल बस व्यवसाय बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। उनका कहना है कि जब तक प्रशासन इस समस्या को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाता, तब तक यह अनिश्चितकालीन बस हड़ताल जारी रहेगी।
बस सेवा बंद होने से आम यात्रियों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। नित्य यात्री और कार्यालय जाने वाले लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है। कई यात्रियों ने प्रशासन और राज्य सरकार से तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है।
यात्रियों का कहना है कि सरकार और प्रशासन को बस कर्मचारियों के साथ बातचीत कर जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान निकालना चाहिए, ताकि आम लोगों को हो रही परेशानी समाप्त हो सके।
इस मुद्दे पर शांतिपुर के नित्य यात्रियों और कार्यालय यात्रियों ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी। वहीं शांतिपुर सीपीआईएम एरिया कमेटी के संयोजक एवं जिला कमेटी के सदस्य सौमेन महतो ने भी इस बस बंद और यात्रियों की परेशानी को लेकर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

