home page

देवर और भाभी का फंदे से लटकता शव मिलने से इलाके में सनसनी

 | 
देवर और भाभी का फंदे से लटकता शव मिलने से इलाके में सनसनी


नदिया, 03 सितंबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के शांतिपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक आम के बागान से युवक और युवती का फंदे से लटकता शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान दीपक सरदार (19) और उसकी भाभी सुमिता सरदार (18) के रूप में हुई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, शांतिपुर के गोविंदपुर मैदानपाड़ा इलाके के एक आम बागान में दोनों का शव लटकता हुआ बरामद किया गया। सूचना पाकर शांतिपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए रानाघाट महकमा अस्पताल भेज दिया गया।

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, सुमिता के पति रक्षी सरदार काम के सिलसिले में दूसरे राज्य में सेंटरिंग का काम करते हैं।

बताया जा रहा है कि सुमिता और उसके रिश्ते में मामेरे देवर दीपक के बीच प्रेम संबंध था। इससे पहले दोनों के घर से भागने की भी बात सामने आई है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

बताया गया है कि रक्षी सरदार सोमवार को ही दूसरे राज्य से काम करके घर लौटे थे। उनके मुताबिक, परिवार में किसी तरह का विवाद नहीं था। गुरुवार सुबह उन्हें पत्नी और भाई के आत्महत्या करने की सूचना मिली।

घटना की खबर फैलते ही आम के बागान में स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय