home page

बंद कमरे में नाबालिग एवं उसके रिश्तेदार का शव

 | 

नदिया, 04 अगस्त (हि. स.)। जिले के कृष्णगंज थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की और उसके रिश्तेदार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। एक कमरे से 11 वर्षीय बच्ची का शव बरामद हुआ, जबकि पास के दूसरे कमरे में उसके पिता की बहन के पति का शव फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान संतु सरदार (54) तथा नाबालिग की पहचान सुमना सरदार (11) के रूप में हुई है। घटना कृष्णगंज थाना क्षेत्र के माजदिया कुठीपाड़ा इलाके की है।

पुलिस के अनुसार, संतु सरदार प्रवासी मजदूर के रूप में बाहर काम करते थे और करीब एक महीने पहले ही घर लौटे थे। उनकी बेटी की शादी हो चुकी थी और पत्नी के साथ नहीं रहने के कारण वह घर में अकेले रहते थे। इसी वजह से सुमना अक्सर उनके पास रहती थी।

मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह परिजनों ने संतु सरदार को उनके कमरे में फंदे से लटका देखा। वहीं, सुमना कहीं दिखाई नहीं दी। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर परिजनों और स्थानीय लोगों ने पास के एक कमरे का ताला तोड़ा। कमरे के भीतर फर्श पर सुमना का शव पड़ा मिला।

सूचना पाकर कृष्णगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर कृष्णगंज ग्रामीण अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बाद में दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए शक्तिनगर जिला अस्पताल भेज दिया गया।

प्राथमिक जांच में नाबालिग के गले पर निशान मिलने की बात सामने आई है। आशंका जताई जा रही है कि उसकी गला दबाकर हत्या की गई और इसके बाद संतु सरदार ने आत्महत्या कर ली। हालांकि, पुलिस ने कहा है कि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पुलिस के अनुसार, मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। घटना से पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय