home page

नदिया सीमा पर 17 करोड़ रुपये का सोना बरामद, पकड़ा गया तस्कर

 | 
नदिया सीमा पर 17 करोड़ रुपये का सोना बरामद, पकड़ा गया तस्कर


नदिया, 06 सितंबर (हि. स.)। नदिया सीमा पर एक बार फिर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) को बड़ी सफलता मिली है। पांच सितंबर की शाम 32वीं बटालियन बीएसएफ के हलदारपाड़ा बीओपी के अंतर्गत इलाके में अभियान चलाकर जवानों ने एक बांग्लादेशी तस्कर को गिरफ्तार किया। उसके पास से 89 सोने के बिस्कुट बरामद किए गए।

बीएसएफ सूत्रों के अनुसार, रात के अंधेरे में बांग्लादेश की ओर से कंटीले तार के ऊपर से एक पोटली के जरिए सोने के बिस्कुट भारत की ओर भेजने की कोशिश की जा रही थी। ड्यूटी पर तैनात बीएसएफ जवानों की नजर संदिग्ध गतिविधि पर पड़ गई। जवानों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपित का पीछा किया और उसे पकड़ लिया।

बीएसएफ सूत्रों के अनुसार, बरामद 89 सोने के बिस्कुटों का कुल वजन 11 किलो 281.770 ग्राम यानी करीब 11 किलो 282 ग्राम है। जांच में सोना 24 कैरेट का पाया गया। बरामद सोने की अनुमानित कीमत 17 करोड़ 40 लाख 21 हजार 302 रुपये है। सोने को जब्त कर लिया गया है। गिरफ्तार बांग्लादेशी तस्कर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। सीमा पर सोने की इस बड़ी खेप की तस्करी की कोशिश के पीछे कौन लोग शामिल हैं, इसकी भी जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा