home page

शादी से पहले युवती का फंदे से लटका मिला शव, इलाके में सनसनी

 | 
शादी से पहले युवती का फंदे से लटका मिला शव, इलाके में सनसनी


नदिया, 08 मार्च (हि. स.)। जिले के शांतिपुर इलाके में शादी से एक दिन पहले 18 वर्षीय युवती का शव उसके घर से फंदे से लटकता हुआ मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।मृत युवती की पहचान शिला विश्वास के रूप में हुई है। वह शांतिपुर थाना अंतर्गत वार्ड नंबर 16 की निवासी थी।

सूत्रों के अनुसार, सोमवार को उसका विवाह इलाके के ही एक युवक से तय हुआ था और दोनों परिवारों की सहमति से शादी की तैयारियां भी पूरी हो चुकी थीं।

परिवार के अनुसार, शादी को लेकर युवती काफी उत्साहित थी और खरीदारी समेत अन्य तैयारियां भी पूरी हो चुकी थीं। घर में विवाह के लिए पंडाल भी लगाया जा चुका था। शिला अपनी दादी के साथ एक ही कमरे में रहती थी। शनिवार रात भी वह दादी के साथ ही सोई थी और उसके व्यवहार में कोई असामान्यता नहीं दिखी थी। रविवार सुबह कुछ समय के लिए दादी कमरे से बाहर चली गईं। जब वह वापस लौटीं तो कमरे में युवती को फंदे से लटका हुआ देखकर चौंक गईं।

दादी के शोर मचाने पर परिवार के अन्य सदस्य और पड़ोसी मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। शांतिपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस का कहना है कि यह आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसकी जांच की जा रही है। मामले में परिवार के सदस्यों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही होने वाले दूल्हे और उसके परिवार से भी पूछताछ जारी है।

मृत युवती के पिता और भाई ने बताया कि परिवार में किसी प्रकार का विवाद नहीं था और युवती की इच्छा से ही विवाह तय किया गया था। उन्होंने कहा कि शनिवार रात तक वह सामान्य थी और खाना-पीना करने के बाद सोने गई थी। ऐसे में घटना के कारणों को लेकर परिवार भी स्तब्ध है।

घटना से इलाके में शोक और हैरानी का माहौल है। पड़ोसी भी इस घटना से स्तब्ध हैं और पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय