home page

महुआ मोइत्रा को अंडे फेंकने और काले झंडे दिखाने के मामले में थाने में शिकायत दर्ज

 | 
महुआ मोइत्रा को अंडे फेंकने और काले झंडे दिखाने के मामले में थाने में शिकायत दर्ज


नदिया, 18 सितंबर (हि. स.)। तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा को अंडे फेंकने और काले झंडे दिखाने के मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। कृष्णनगर की सांसद महुआ मोइत्रा ने शुक्रवार को नदिया के तेहट्ट थाना में ई-मेल के माध्यम से शिकायत भेजी है। शिकायत में तेहट्ट-1 पंचायत समिति के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष सहित भाजपा के कुल आठ लोगों के खिलाफ आरोप लगाया गया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

सूत्रों के मुताबिक, बुधवार को महुआ मोइत्रा पार्टी कार्यालय में नेता और कार्यकर्ताओं के साथ तेहट्ट के हाउलिया पार्क मोड़ स्थित तृणमूल कांग्रेस के पार्टी कार्यालय बैठक करने पहुंची थीं। आरोप है कि उनके वहां पहुंचने की जानकारी मिलने के बाद भाजपा के कुछ कार्यकर्ता और समर्थक कार्यालय के सामने जमा हो गए। बैठक समाप्त होने के बाद जैसे ही महुआ पार्टी कार्यालय से बाहर निकलीं, प्रदर्शनकारियों ने उन्हें काले झंडे दिखाए और ‘गो बैक’ के नारे लगाए। इसी दौरान उनकी ओर कच्चे अंडे भी फेंके गए।

महुआ मोइत्रा ने सोशल मीडिया पर दावा किया था कि प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के बजाय पुलिस ने उन्हें जबरन उनकी गाड़ी में बैठाया। गाड़ी में बैठने के बाद भी उन्हें विरोध-प्रदर्शन का सामना करना पड़ा। इसी संदर्भ में उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के न्यायमूर्ति दीपांकर दत्ता की पिछली टिप्पणी का जिक्र करते हुए कहा था कि वह ‘बुलेट की तरह अंडे खा रही हैं’।

दरअसल, अगस्त में महुआ की थाने में पेशी से जुड़े एक मामले की सुनवाई के दौरान न्यायमूर्ति दत्ता की टिप्पणी थी कि राजनीति में आने के बाद अंडे फेंके जाने से डरने की जरूरत नहीं है और स्वतंत्रता सेनानियों ने सीने पर गोलियां खाई थीं।

बुधवार के विरोध-प्रदर्शन के बाद महुआ मोइत्रा पर आरोप लगाया था कि यह आम लोगों का स्वतःस्फूर्त आक्रोश नहीं, बल्कि भाजपा की ओर से कथित तौर पर सुनियोजित हमला था। इसके बाद शुक्रवार को उन्होंने आठ लोगों के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले की जांच के दौरान घटनास्थल के सीसीटीवी कैमरों और उपलब्ध वीडियो फुटेज को खंगाला जा रहा है। दूसरी ओर, भाजपा ने तृणमूल सांसद के आरोपों को खारिज किया है।

तेहट्ट के भाजपा विधायक सुब्रत कबिराज ने दावा किया कि इस घटना में भाजपा के किसी भी कार्यकर्ता या समर्थक की संलिप्तता नहीं है। उन्होंने कहा कि हिंदू देवी-देवताओं को लेकर सांसद की कथित विवादित टिप्पणियों के खिलाफ आम लोगों में नाराजगी थी और बुधवार को हुआ प्रदर्शन उसी नाराजगी का परिणाम था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा