नदिया जिले में मतदान शुरू होने से पहले हिंसा, बीजेपी एजेंट पर हमले का आरोप
कोलकाता, 29 अप्रैल (हि.स.)।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे चरण में नदिया जिले में मतदान शुरू होने के बाद कई जगहों से ईवीएम खराब होने और हिंसा की खबरें सामने आई हैं। सुबह से ही जिले के विभिन्न बूथों पर मतदान प्रक्रिया प्रभावित हुई, जिससे मतदाताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।
राणाघाट उत्तर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में राणाघाट नगरपालिका के 3 नंबर वार्ड स्थित बूथ संख्या 148 पर ईवीएम मशीन खराब हो जाने के कारण मतदान बाधित हो गया। सुबह से वोट डालने पहुंचे मतदाताओं को लंबा इंतजार करना पड़ा। वहीं कृष्णानगर विधानसभा क्षेत्र के नकशीपाड़ा के धनंजयपुर स्थित बूथ संख्या 236 पर भी ईवीएम मशीन में खराबी आने से मतदान प्रभावित हुआ। कालीगंज विधानसभा क्षेत्र के बाराचंदघर के बूथ संख्या 62 पर भी ईवीएम काम नहीं करने की सूचना मिली है। प्रशासन की ओर से तकनीकी टीम भेजकर मशीनों को ठीक करने की कोशिश की जा रही है।
इधर दूसरे चरण की वोटिंग शुरू होने से पहले नदिया जिले में हिंसा की घटना भी सामने आई है। आरोप है कि चापड़ा विधानसभा क्षेत्र में बूथ संख्या 53 पर जाने के दौरान एक भाजपा एजेंट मुशर्रफ मीर पर हमला किया गया। भाजपा का आरोप है कि तृणमूल कांग्रेस समर्थकों ने एजेंट को बुरी तरह पीटा और उसका सिर फोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और केंद्रीय बल मौके पर पहुंच गए और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की गई। घायल भाजपा एजेंट को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। चुनाव आयोग ने मामले की रिपोर्ट तलब की है।
नदिया जिले में एक ओर जहां कई बूथों पर ईवीएम खराब होने से मतदान प्रभावित हुआ, वहीं हिंसा की घटना ने चुनावी माहौल को और गरमा दिया है। हालांकि प्रशासन का दावा है कि अधिकांश बूथों पर मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है और जहां भी समस्या आ रही है, वहां तत्काल समाधान की कोशिश की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

