home page

नदिया में राहत सामग्री जमा करने के आरोप में नवद्वीप नगरपालिका अध्यक्ष हिरासत में

 | 
नदिया में राहत सामग्री जमा करने के आरोप में नवद्वीप नगरपालिका अध्यक्ष हिरासत में


कोलकाता, 30 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के नवद्वीप नगरपालिका के अध्यक्ष बिमान कृष्ण साहा को पुलिस ने शनिवार तड़के हिरासत में लिया। उन पर एक स्थानीय क्लब भवन में बड़ी मात्रा में राहत सामग्री अवैध रूप से जमा करने का आरोप है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि नवद्वीप में साहा के घर के पास स्थित एक क्लब के कमरों में राहत सामग्री रखी गई है। इसके बाद कृष्णानगर जिला पुलिस की टीम ने वहां छापेमारी की। तलाशी के दौरान क्लब भवन के 10 कमरों से बड़ी मात्रा में ट्रैम्पोलिन, कंबल और साड़ियां बरामद की गईं।

छापेमारी की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने आरोप लगाया कि राहत सामग्री को अवैध रूप से जमा कर खुले बाजार में बेचने की तैयारी की जा रही थी। इसके विरोध में साहा के घर के बाहर भी प्रदर्शन शुरू हो गया।

प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि इस पूरे मामले के पीछे नगरपालिका अध्यक्ष बिमान कृष्ण साहा की भूमिका है। स्थिति तनावपूर्ण होने पर अतिरिक्त पुलिस बल और केंद्रीय सशस्त्र बल के जवानों को तैनात किया गया। पुलिस ने साहा के घर को घेर लिया और सुबह करीब 3:40 बजे उन्हें हिरासत में लेकर वाहन से वहां से ले गई।

हिरासत में लिए जाने के दौरान मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने साहा के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान कुछ लोगों ने उनकी ओर पानी की बोतलें और जूते भी फेंके। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता