एम्बुलेंस चालक की रहस्यमयी मौत, घर से सड़ा-गला शव बरामद
आसनसोल, 02 नवंबर (हि. स.)। पश्चिम बर्धमान जिले के आसनसोल के बर्नपुर स्थित रामबांध इलाके में एक एम्बुलेंस चालक की रहस्यमयी मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान शंभू आचार्य उर्फ टुकाई (25) के रूप में हुई है। सोमवार को पुलिस ने उनके घर से सड़ा-गला शव बरामद किया है। बताया जा रहा है कि वह पिछले सात दिनों से लापता थे।
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, शंभू ने 27 तारीख को अपने मालिक से रुपये लेकर दो दिनों की छुट्टी मांगी थी। बताया जाता है कि एक दोस्त की मां के निधन के कारण उन्होंने छुट्टी ली थी। इसके बाद से ही उनसे कोई संपर्क नहीं हो पाया। पिछले कई दिनों से शंभू का कोई पता नहीं चलने के कारण परिजन और परिचित चिंतित थे। सोमवार को उनके घर से शव मिलने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

