कुल्टी में एनएच 19 पर ट्रक चालकों का प्रदर्शन
कोलकाता, 16 मई (हि. स.)। आसनसोल के कुल्टी थाना अंतर्गत मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर (एमवीआई) विभाग के खिलाफ शनिवार को ट्रक चालकों का गुस्सा फूट पड़ा। एमवीआई अधिकारियों पर अत्यधिक उत्पीड़न और दलाल चक्र चलाने के आरोप लगाते हुए चालकों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-19 जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
घटना कुल्टी के दामागड़िया रेल ब्रिज पर हुई, जहां प्रदर्शन के कारण धनबाद की ओर जाने वाले मार्ग पर करीब आधे घंटे तक पूरी तरह यातायात ठप हो गया। सड़क पर लंबा जाम लगने से आम लोगों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
प्रदर्शन कर रहे ट्रक चालक अमर सिंह और अन्य चालकों का आरोप है कि सभी वैध दस्तावेज होने के बावजूद एमवीआई विभाग के अधिकारी उन्हें रोककर बेवजह परेशान कर रहे हैं।
अमर सिंह ने बताया कि वह हल्दिया पोर्ट से करीब 55 टन अंडरलोड कोयला लेकर नेपाल जा रहे थे, इसके बावजूद रास्ते में उन्हें रोककर कागजों की जांच के नाम पर उत्पीड़न किया गया।
चालकों ने यह भी आरोप लगाया कि आसनसोल एमवीआई कार्यालय में वाहनों की एंट्री के नाम पर एक बड़ा दलाल चक्र सक्रिय है। उनका कहना है कि यदि दलालों को पैसे देकर “पासिंग” नहीं कराया जाए, तो सड़क पर पुलिस और प्रशासन द्वारा परेशान किया जाता है। घटना की सूचना पाकर कुल्टी थाना और चौऱंगी पुलिस चौकी की भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंची। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर करीब 30 मिनट बाद सड़क से जाम हटवाया, जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हुआ। हालांकि, प्रदर्शन के दौरान एक ट्रक चालक को हिरासत में लेकर जाने की जानकारी सामने आई है।
वहीं, ट्रक चालकों ने साफ कहा है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर इस तरह की अवैध वसूली और उत्पीड़न तत्काल बंद किया जाना चाहिए। दूसरी ओर, संबंधित एमवीआई अधिकारियों ने सभी आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

