मुस्लिम समुदाय के लोगों ने रामनवमी जुलूस का किया फूलों से स्वागत
अलीपुरद्वार, 27 मार्च (हि.स.)। जिले के फालाकाटा में रामभक्ति की शोभायात्रा के दौरान सांप्रदायिक सौहार्द की एक अनोखी मिसाल देखने को मिली। शुक्रवार को रामनवमी के पावन अवसर पर हिंदू जागरण मंच की बाइक रैली जब शालकुमारहाट से सोनापुर की ओर बढ़ रही थी, तभी घाटपाड़ा इलाके में अभिनव दृश्य सामने आया।मुस्लिम बहुल इस क्षेत्र में स्थानीय लोगों ने जुलूस में शामिल हिंदू श्रद्धालुओं का गर्मजोशी से स्वागत किया। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने रैली में शामिल बाइक सवारों को पानी की बोतलें दीं और फूलों की पंखुड़ियों से उनका अभिनंदन किया। इस दौरान हिंदू-मुस्लिम एकता की शानदार तस्वीर देखने को मिली, जिसने सभी का दिल जीत लिया।
मौके पर मौजूद सोनापुर पुलिस चौकी के प्रभारी मिंगमा शेरपा ने भी इस पहल की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं समाज को जोड़ने का काम करती है।
गौरतलब है कि शालकुमारहाट में भव्य रूप से भगवान श्रीराम की पूजा-अर्चना के बाद सैकड़ों युवाओं ने बाइक रैली में हिस्सा लिया। जैसे ही यह रैली फालाकाटा-अलीपुरद्वार रोड पर शिलतोरसा पुल के पास पहुंची, वहां यह खूबसूरत नज़ारा देखने को मिला।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

