home page

मुर्शिदाबाद : अहिरण में राष्ट्रीय राजमार्ग-12 पर दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर, एक की मौत

 | 
मुर्शिदाबाद : अहिरण में राष्ट्रीय राजमार्ग-12 पर दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर, एक की मौत


मुर्शिदाबाद, 05 अगस्त (हि.स.)।

मुर्शिदाबाद के अहिरण स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-12 पर बुधवार सुसुबह दो ट्रकों की आमने-सामने हुई टक्कर में एक ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बाधित रहा।

पुलिस के अनुसार, मृत चालक की पहचान रघुनाथगंज के गाइघाटा निवासी राहुल घोष के रूप में हुई है। घायल चालक का नाम प्रवीर विश्वास बताया गया है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायल चालक को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि एक ट्रक मालदा से बहारामपुर की ओर जा रहा था, जबकि दूसरा ट्रक बहारामपुर से मालदा की ओर आ रहा था। इसी दौरान सुती थाना क्षेत्र के अहिरण स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-12 पर दोनों ट्रकों के बीच जोरदार आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके चालक राहुल घोष की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव दल की मदद से दोनों क्षतिग्रस्त ट्रकों को हटाकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सामान्य कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।

इस हृदयविदारक हादसे की खबर से रघुनाथगंज के गाइघाटा इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का प्रारंभिक अनुमान है कि तेज रफ्तार या लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ हो सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा