home page

मुर्शिदाबाद में आम बागान से दो बाल्टी ताज़ा बम बरामद

 | 
मुर्शिदाबाद में आम बागान से दो बाल्टी ताज़ा बम बरामद


मुर्शिदाबाद, 13 मार्च (हि. स.)। जिले के फरक्का ब्लॉक के जयरामपुर इलाके में एक आम बागान से दो बाल्टी भरे ताज़ा बम बरामद होने से इलाके में भारी सनसनी फैल गई। गुप्त सूचना के आधार पर अभियान चलाकर फरक्का थाने की पुलिस ने इन विस्फोटकों को बरामद किया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, जयरामपुर इलाके के एक आम बागान में संदिग्ध तरीके से कुछ वस्तुएं जमा कर रखे जाने की खबर फरक्का थाने की पुलिस को मिली थी। इसी आधार पर शुक्रवार सुबह पुलिस ने इलाके में अभियान चलाया। तलाशी के दौरान आम बागान के भीतर से दो बाल्टी भरे ताज़ा बम बरामद किए गए। घटना की खबर पाकर बमों को निष्क्रिय करने के लिए बम स्क्वॉड को सूचित किया गया। साथ ही पूरे इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। घटनास्थल पर पुलिस तैनात कर इलाके को घेर लिया गया है, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।

फरक्का थाने के आईसी अमित मुखर्जी ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि किसी असामाजिक उद्देश्य से बदमाशों ने इन बमों को वहां जमा करके रखा था। हालांकि ये बम किसने रखे और इसके पीछे क्या उद्देश्य था, इसका पता लगाने के लिए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने जल्द से जल्द दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता