मुर्शिदाबाद में गैस संकट के बीच विवाद, भाई ने भाई की हत्या की
मुर्शिदाबाद, 27 मार्च (हि. स.)। जिले के सालार थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जब रसोई गैस की कमी के बीच लकड़ी को लेकर हुए झगड़े में एक भाई ने दूसरे की कथित तौर पर हत्या कर दी। मृतक की पहचान सुद्धधन माझी के रूप में हुई है।
पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, गैस सिलेंडर की कमी के चलते सुद्धधन माझी के भाई ने ईंधन के लिए लकड़ी इकट्ठा की थी। शुक्रवार सुबह उसने उन लकड़ियों को सालार थाना क्षेत्र के सालू इलाके में घर के सामने धूप में सुखाने के लिए रखा था। इसी बात को लेकर सुद्धधन माझी ने आपत्ति जताते हुए लकड़ी हटाने को कहा, जिसके बाद दोनों भाइयों के बीच तीखा विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि झगड़े के दौरान आरोपित भाई ने बांस से सुद्धधन माझी पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।
परिवार के सदस्य उन्हें पहले सालार ग्रामीण अस्पताल ले गए। वहां हालत बिगड़ने पर उन्हें कांदी महकमा अस्पताल रेफर किया गया। हालत और बिगड़ने पर उन्हें बर्धमान ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद से आरोपित फरार है और उसकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। इस घटना से परिवार में शोक का माहौल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

