रघुनाथगंज में डेढ़ करोड़ से अधिक की हेरोइन बरामद, तीन गिरफ्तार
मुर्शिदाबाद, 18 अगस्त (हि. स.)। मुर्शिदाबाद के रघुनाथगंज में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में मादक पदार्थ के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से करीब तीन किलो 481 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सोमवार रात तीन युवक बाइक से लालगोला इलाके से मादक पदार्थ लेकर सुती की ओर जा रहे थे। सूचना मिलते ही रघुनाथगंज थाने की पुलिस ने 12 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर निगरानी बढ़ा दी। घोड़शाला मोड़ के पास संदिग्ध बाइक को देखते ही पुलिस की विशेष टीम ने उसका पीछा शुरू किया और राष्ट्रीय राजमार्ग पर बाइक को घेरकर पुलिस ने तलाशी ली। तलाशी के दौरान युवकों के साथ मौजूद एक सीमेंट की बोरी से हेरोइन के पैकेट बरामद हुए। पुलिस ने मादक पदार्थ के साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बाइक को भी जब्त कर लिया और तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को पता चला है कि हेरोइन को लालगोला से सुती इलाके में तस्करी के उद्देश्य से ले जाया जा रहा था। इस तस्करी के पीछे किसी बड़े गिरोह का हाथ है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

