home page

चंद्रनाथ रथ हत्या मामला- इस्तेमाल की गई चारपहिया गाड़ी का सिलीगुड़ी कनेक्शन

 | 
चंद्रनाथ रथ हत्या मामला- इस्तेमाल की गई चारपहिया गाड़ी का सिलीगुड़ी कनेक्शन


सिलीगुड़ी, 07 मई (हि.स.)। शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में इस्तेमाल की गई चारपहिया गाड़ी पर सिलीगुड़ी का फर्जी नंबर प्लेट लगा था। प्रारंभिक जांच में पुलिस को यही जानकारी मिली है।

जांच के अनुसार, हमलावर एक बाइक और एक चारपहिया वाहन से पहुंचे थे। पुलिस ने जब गाड़ी के रजिस्ट्रेशन नंबर की जांच की, तो पता चला कि नंबर सिलीगुड़ी एआरटीओ में पंजीकृत है। इसके बाद पुलिस ने गाड़ी मालिक शिबमंदिर निवासी विलियम जोसेफ को बुधवार देर रात पूछताछ के लिए थाने बुलाया।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपितों ने विलियम जोसेफ की गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर इस्तेमाल कर फर्जी नंबर प्लेट तैयार की थी। मामले में किसी तरह की संलिप्तता नहीं मिलने पर पुलिस ने उन्हें रात में ही छोड़ दिया।

फिलहाल पुलिस हत्या और फर्जी नंबर प्लेट के जरिए इस्तेमाल किए गए वाहन के पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।

वहीं, विलियम जोसेफ ने बताया कि अपनी गाड़ी बेचने के लिए उन्होंने एक कमर्शियल ऐप पर विज्ञापन दिया था। आशंका जताई जा रही है कि वहीं से गाड़ी का नंबर प्लेट कॉपी कर अपराध में इस्तेमाल किया गया। खास बात यह रही कि जिस गाड़ी का नंबर इस्तेमाल हुआ, वह अब भी मालिक के घर पर मौजूद है। सभी दस्तावेज और विज्ञापन दिखाने के बाद पुलिस ने विलियम को छोड़ दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार