चंदननगर के पूर्व डिप्टी मेयर मुन्ना अग्रवाल और पार्षद अनिमेष बनर्जी गिरफ्तार
कोलकाता, 18 जून (हि. स.)। चंदननगर नगर निगम के पूर्व डिप्टी मेयर मुन्ना अग्रवाल और पार्षद अनिमेष बनर्जी को चंदननगर थाने की पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। दोनों पर रंगदारी वसूली, हिंसा फैलाने तथा भ्रष्टाचार सहित कई गंभीर आरोप हैं।
जानकारी के अनुसार, दोनों आरोपितों के खिलाफ विभिन्न मामलों में जांच चल रही थी। चंदननगर न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता किशोर साव ने बताया कि कई मामलों में वांछित होने के कारण पुलिस इन्हें लंबे समय से तलाश कर रही थी। गुरुवार को मुन्ना अग्रवाल और अनिमेष बनर्जी स्वयं थाने पहुंचे और आत्मसमर्पण किया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दोनों आरोपितों को शुक्रवार को चंदननगर न्यायालय में पेश किया जाएगा, जहां जांच के हित में उनकी हिरासत की मांग की जा सकती है।
उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद मुन्ना अग्रवाल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। वह चंदननगर के पूर्व विधायक एवं मंत्री इंद्रनील सेन के करीबी माने जाते हैं। मुन्ना अग्रवाल पर नगर निगम में अपने प्रभाव और पद का दुरुपयोग कर कई कथित गैरकानूनी गतिविधियों को अंजाम देने के आरोप भी लगाए गए हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

