कोलकाता और हावड़ा नगर निगम में को-ऑर्डिनेटर नियुक्ति पर शमीक भट्टाचार्य ने कहा : भाजपा के स्थानीय नेता ही होंगे को-ऑर्डिनेटर
कोलकाता, 11 नवंबर (हि. स.)। कोलकाता और हावड़ा नगर निगम में चुनाव नहीं होने की स्थिति में वार्डों में को-ऑर्डिनेटर नियुक्त करने के मुद्दे पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य ने अपना रुख स्पष्ट किया है। बुधवार को भाईफोंटा के अवसर पर उन्होंने कहा कि को-ऑर्डिनेटर भाजपा के स्थानीय नेता ही होंगे।
उन्होंने तृणमूल कांग्रेस और वामपंथी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि माकपा के पार्टी कार्यालय से किसी को या तृणमूल के स्थापित और चिह्नित भ्रष्ट नेताओं को तो बैठा नहीं सकते। हमारे नेता ही को-ऑर्डिनेटर होंगे।
शमीक भट्टाचार्य ने कहा कि को-ऑर्डिनेटर नियुक्त करने को लेकर पार्टी की तैयारी अंतिम चरण में है, हालांकि यह व्यवस्था उनकी पहली पसंद नहीं है। भाजपा चाहती है कि लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव हो और उसके उम्मीदवार जीतकर आएं। उन्होंने उम्मीद जताई कि अदालत अपने फैसले पर पुनर्विचार करेगी और नगर निगम चुनाव कराने का रास्ता साफ होगा।
उन्होंने कहा कि कोलकाता और हावड़ा में जल्द चुनाव होना बेहद जरूरी है। हावड़ा में पिछले 13 वर्षों से नगर निगम चुनाव नहीं होने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जो लोग चुनाव नहीं चाहते, उन्हें जनता जवाब देगी। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा नहीं चाहती कि मौजूदा परिस्थिति ऐसी बने, जिसमें चुनाव के बजाय को-ऑर्डिनेटर नियुक्त करने पड़ें। लेकिन अगर हालात उस दिशा में जाते हैं तो पार्टी को इस पर विचार करना होगा।
गौरतलब है कि इस महीने कोलकाता और हावड़ा नगर निगम चुनाव होने की संभावना थी। लेकिन वार्ड परिसीमन को लेकर मामला अदालत पहुंचने और कलकत्ता हाई कोर्ट के अंतरिम आदेश के बाद चुनाव प्रक्रिया पर रोक लग गई है। अदालत ने परिसीमन प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए इसे 'कठपुतली का खेल' करार दिया था। इसके चलते चुनाव की तारीखों की घोषणा भी अटक गई है।
इस बीच मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने हाई कोर्ट के फैसले के खिलाफ राज्य सरकार की ओर से सुप्रीम कोर्ट जाने की बात कही थी। साथ ही उन्होंने 30 नवंबर के बाद वार्डों में भाजपा के को-ऑर्डिनेटर नियुक्त करने का संकेत दिया था। विपक्षी दलों ने मुख्यमंत्री के इस बयान का विरोध किया था। अब प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य ने भी स्पष्ट कर दिया है कि यदि चुनाव में देरी होती है तो को-ऑर्डिनेटर की जिम्मेदारी भाजपा के स्थानीय नेताओं को दी जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

