जलपाईगुड़ी नगरपालिका चेयरमैन सैकत चट्टोपाध्याय ने दिया इस्तीफा
जलपाईगुड़ी, 27 अगस्त (हि.स.)। तृणमूल कांग्रेस के नियंत्रण वाली जलपाईगुड़ी नगरपालिका में राजनीतिक संकट गहराता जा रहा है। नगरपालिका के चेयरमैन सैकत चट्टोपाध्याय ने गुरुवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। कुछ दिन पहले कई पार्षदों ने चेयरमैन के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश किया था। इनमें तृणमूल कांग्रेस के कुछ पार्षद भी शामिल थे। आरोप है कि निर्धारित समय के भीतर चेयरमैन ने अविश्वास प्रस्ताव पर बैठक नहीं बुलाई।
इसके बाद राज्य के नगर एवं शहरी विकास विभाग ने चेयरमैन को कारण बताओ नोटिस जारी किया। नोटिस में पूछा गया है कि मौजूदा नगरपालिका बोर्ड को भंग क्यों नहीं किया जाना चाहिए। विभाग ने तीन दिनों के भीतर लिखित जवाब मांगा था।इसी घटनाक्रम के बाद गुरुवार को सैकत चट्टोपाध्याय ने चेयरमैन पद से इस्तीफा दे दिया। उनके इस्तीफे के बाद जलपाईगुड़ी नगरपालिका में तृणमूल कांग्रेस के बोर्ड पर संकट और गहरा गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

