अवैध निर्माण पर चला नगर निगम का बुलडोजर
सिलीगुड़ी, 26 सितंबर (हि.स.)। सिलीगुड़ी के संतोषी नगर इलाके में अवैध रूप से निर्मित तीन मंजिला मकान को शनिवार को सिलीगुड़ी नगर निगम ने बुलडोजर चलाकर पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है। नगर निगम ने अदालत के निर्देश के बाद यह कार्रवाई की है।
नगर निगम सूत्रों के अनुसार, सिलीगुड़ी के वार्ड नंबर पांच स्थित संतोषी नगर की नंबर एक गली में बिना स्वीकृत नक्शे के तीन मंजिला मकान का निर्माण किया गया था। निर्माण को लेकर नगर निगम की ओर से कई बार नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन आरोप है कि निर्देशों की अनदेखी की गई।
इससे पहले नाले के ऊपर किए गए निर्माण के एक हिस्से को भी तोड़ा गया था।इसके बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर नगर निगम ने अदालत का रुख किया। अदालत के निर्देश के बाद शनिवार को बुलडोजर की मदद से सुरेंद्र साहनी के उक्त अवैध बहुमंजिला मकान को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। नगर निगम की ओर से स्पष्ट किया गया है कि बिना अनुमति के निर्माण और सरकारी ढांचे पर अवैध कब्जे के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

