कच्चा मकान ढहने से पिता-पुत्री की मौत, इलाके में शोक
हुगली, 31 जुलाई (हि. स.)। लगातार हो रही भारी बारिश के बीच सप्तग्राम विधानसभा क्षेत्र के मोगरा-2 ग्राम पंचायत अंतर्गत गजघंटा मालिकपाड़ा में एक कच्चा मकान ढहने से पिता और पुत्री की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, लगातार बारिश के कारण गुरुवार देर रात अचानक मिट्टी का मकान ढह गया और उसके मलबे में 57 वर्षीय गौर मालिक और उनकी बेटी दब गए। घटना की खबर पाकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर दोनों को बाहर निकाला। हालांकि, तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलने पर मोगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
बताया गया है कि गौर मालिक पेशे से सब्जी विक्रेता थे। उन्हें आवास योजना के तहत मकान बनाने के लिए पहली किस्त की राशि मिली थी और वह नया घर बनाने की प्रक्रिया में थे। इसी बीच यह हादसा हो गया।
शुक्रवार को सप्तग्राम के विधायक स्वराज घोष ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि वह इस हादसे से बेहद मर्माहत हैं। उन्होंने बताया कि फिलहाल वह अपने विधानसभा क्षेत्र में नहीं हैं। लौटने के बाद वह पीड़ित परिवार से मुलाकात करेंगे और सरकार की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगे।
पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

