home page

सांसद जगदीश चंद्र बर्मा बसुनिया की वापसी को लेकर सिताई में तनाव, तृणमूल कार्यालय में तोड़फोड़ के बाद आगजनी

 | 
सांसद जगदीश चंद्र बर्मा बसुनिया की वापसी को लेकर सिताई में तनाव, तृणमूल कार्यालय में तोड़फोड़ के बाद आगजनी


कूचबिहार, 13 सितंबर (हि. स.)। कूचबिहार के तृणमूल सांसद जगदीश चंद्र बर्मा बसुनिया रविवार तड़के कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच अपने घर लौटे है। उनके लौटने की खबर फैलते ही सिताई में राजनीतिक तनाव बढ़ गया। सिताई बस स्टैंड इलाके में तृणमूल कांग्रेस के ब्लॉक कार्यालय में कथित तौर पर तोड़फोड़ के बाद आग लगा दी गई। घटना के बाद इलाके में भारी तनाव की स्थिति बन गई। दूसरी ओर, स्थानीय लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं के एक वर्ग ने सांसद के घर के सामने पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों ने सांसद पर पिछले 15 वर्षों के दौरान राजनीतिक प्रभाव का कथित दुरुपयोग कर भ्रष्टाचार के जरिए संपत्ति अर्जित करने का आरोप लगाया। साथ ही, राइस मिल समेत कई व्यावसायिक प्रतिष्ठान खड़े करने के भी आरोप लगाए गए हैं।

प्रदर्शनकारियों ने तृणमूल सांसद के राजनीतिक पार्टी बदलने को लेकर भी निशाना साधा। उनका दावा है कि जगदीश चंद्र बर्मा बसुनिया पहले फॉरवर्ड ब्लॉक, फिर तृणमूल कांग्रेस में रहे और अब भाजपा में शामिल होने की कोशिश कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि उन्हें या उनके समर्थकों को भाजपा में स्वीकार नहीं किया जाएगा।घटना के बाद सिताई का राजनीतिक माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया है। किसी बड़े टकराव की आशंका को देखते हुए इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल और केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के जवान तैनात किए गए हैं। प्रशासन की कड़ी निगरानी में स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार