बीरभूम में सांसद शताब्दी रॉय की कार पर अंडे से हमला, जांच में जुटी पुलिस
बीरभूम, 15 जुलाई (हि. स.)। जिले के सिउड़ी में बुधवार दोपहर तृणमूल कांग्रेस की सांसद शताब्दी रॉय की कार पर अंडा फेंकने की घटना सामने आई है। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, शताब्दी रॉय जिला मजिस्ट्रेट (डीएम) कार्यालय में आयोजित दिशा बैठक में शामिल होने के बाद बाहर निकली थीं। पुलिस को पहले से सूचना मिली थी कि कुछ लोग उनके विरोध में प्रदर्शन कर सकते हैं। इसके बाद सुरक्षा के बीच उन्हें तुरंत उनकी कार तक पहुंचाया गया।
सूत्रों के अनुसार, जैसे ही शताब्दी रॉय का काफिला सिउड़ी के चैताली मोड़ के पास पहुंचा, पहले से घात लगाए कुछ लोगों ने उनकी कार को निशाना बनाकर अंडे फेंके। अंडे कार के पिछले शीशे पर लगे। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए। घटना के समय शताब्दी रॉय कार के भीतर मौजूद थीं। इस हमले में उन्हें कोई चोट नहीं आई। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

